*मा0 मुख्यमंत्री जी ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में की 4 हजार रुपये प्रतिमाह वृद्धि की घोषणा

मा0 मुख्यमंत्री जी ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में की 4 हजार रुपये प्रतिमाह वृद्धि की घोषणा
मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं से आंगनवाड़ी बहनों का बढ़ा सम्मान और आत्मविश्वास—मा0 राज्य मंत्री श्री कुंवर बृजेश सिंह
आंगनवाड़ी बहनों के परिश्रम, समर्पण और सेवा भाव का सम्मान कर रही है प्रदेश सरकार—श्री कुंवर बृजेश सिंह
विकास भवन सभागार में मा0 राज्य मंत्री एवं मा0 जनप्रतिनिधियों ने देखा मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
जिलाधिकारी ने मा0 राज्य मंत्री एवं मा0 जनप्रतिनिधियों का पौधा भेंट कर किया स्वागत
मा0 राज्य मंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ हस्ताक्षर अभियान का किया शुभारम्भ
सहारनपुर, दिनांक 08 सितम्बर, 2026 (सू0वि0)। जनपद सहारनपुर में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। मा0 मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में जनपद अयोध्या से आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का विकास भवन सभागार में सजीव प्रसारण माननीय राज्य मंत्री श्री कुंवर बृजेश सिंह जी की गरिमामई उपस्थिति में उपस्थित सभी द्वारा देखा गया। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में 4 हजार रुपये प्रतिमाह वृद्धि किए जाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रतिवर्ष एक अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किए जाने की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री श्री कुंवर बृजेश सिंह जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक, रामपुर मनिहारान श्री देवेन्द्र निम जी तथा विधायक नगर श्री राजीव गुंबर जी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का संपूर्ण सजीव प्रसारण देखा। कार्यक्रम के शुभारम्भ से पूर्व राज्य मंत्री श्री कुंवर बृजेश सिंह जी के विकास भवन पहुंचने पर जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान द्वारा पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित विधायकगणों, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का भी पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। राज्य मंत्री जी ने विकास भवन परिसर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत आयोजित हस्ताक्षर अभियान में शपथ पोस्टर पर हस्ताक्षर कर अभियान का शुभारम्भ किया। विकास भवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में मा0 राज्य मंत्री श्री कुंवर बृजेश सिंह जी द्वारा कुपोषण की सैम एवं मैम श्रेणी से बाहर आकर सामान्य पोषण स्थिति प्राप्त करने वाले बच्चों, उनके माता-पिता तथा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही 24 नवजात बालिकाओं को कन्या जन्मोत्सव प्रमाण पत्र एवं बेबी किट वितरित की गई। इसके अतिरिक्त मा0 राज्य मंत्री जी द्वारा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड), मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। राज्य मंत्री श्री कुंवर बृजेश सिंह जी ने अपने संबोधन में कहा कि सभी ने मा0 मुख्यमंत्री जी का संबोधन सुना है और मुख्यमंत्री जी का यह संबोधन विशेष रूप से आंगनवाड़ी बहनों के सम्मान एवं उनके हितों के लिए था। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी बहनें समाज और परिवार के बीच सबसे पहले खड़ी होकर अपनी जिम्मेदारी निभाती हैं। बच्चों के पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। मा0 राज्य मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की गई थी। उन्होंने कहा कि पूर्व में 3 हजार रुपये का मानदेय बढ़ाकर 8 हजार रुपये किया गया और अब मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा इसमें 4 हजार रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 12 हजार रुपये किए जाने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा प्रदान किए जाने का निर्णय भी उनके हितों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। राज्य मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनवाड़ी बहनों के परिश्रम, समर्पण और सेवा भाव का सम्मान कर रही है। सरकार द्वारा उनके मानदेय में वृद्धि के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा सहित अन्य सुविधाएं प्रदान कर उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न सुविधाओं की घोषणा पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार उनके हितों और सम्मान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी बहनों से प्रदेश सरकार के प्रति अपना स्नेह एवं आशीर्वाद बनाए रखने का आह्वान करते हुए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। विधायक रामपुर मनिहारान श्री देवेन्द्र निम जी ने मा0 मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा की गई घोषणाएं आंगनवाड़ी बहनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली हैं। विधायक सहारनपुर नगर श्री राजीव गुंबर जी ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मानदेय वृद्धि सहित अन्य सुविधाएं प्रदान किए जाने पर मा0 मुख्यमंत्री जी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दुर्गेश प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक-जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

SSP बदायूं ने सैनिक सम्मेलन में सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं, अपराध समीक्षा गोष्ठी में दिए आवश्यक दिशा निर्देश

रीवा जच्चा-बच्चा मौत मामला: भोपाल में धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा हिरासत में









