ऑपरेशन ‘प्रहार’ का वार: उदयनगर में 147 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, एक गिरफ्तार

देवास। जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत उदयनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 147 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार 800 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जमासिंध निवासी मुकेश चौहान के कच्चे मकान में अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां बिक्री के लिए रखी गई हैं। सूचना की तस्दीक के बाद उदयनगर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखकर मुकेश चौहान मौके से फरार हो गया। वहीं, उसके साथी शिवम पिता बाबूलाल सवनेर (18), निवासी मनावर, हाल मुकाम द्वारकापुरी इंदौर को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में शिवम ने पुलिस को बताया कि मुकेश के घर में अवैध अंग्रेजी शराब रखी हुई है।
इसके बाद पुलिस टीम ने मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल 147 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार 800 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में थाना उदयनगर में अपराध क्रमांक 489/2026, धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी शिवम को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले में फरार आरोपी मुकेश चौहान की तलाश कर रही है। साथ ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयनगर विजेन्द्र सिंह सोलंकी, सउनि संजय कुमार निगम, प्रधान आरक्षक केतन राठौर एवं आरक्षक रामकृष्ण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जयपुर मुहाना थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹10 हजार का इनामी अपहरण आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग को सकुशल दस्तयाब किया

जौनपुर में 'चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर' लिखना पड़ा भारी, लेखपाल निलंबित









