मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका: 17 और 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान
17 और 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान"

संत कबीर नगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराना है। इस संबंध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकरी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवक-युवतियों का नाम जोड़ने पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकरी सत्य प्रकाश ने कहा कि अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाने के लिए पात्र नागरिकों का पंजीकरण आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हैदर अब्बास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

देवास पुलिस लाइन में हुआ शस्त्र पूजन, मंत्री तुलसीराम सिलावट रहे मौजूद

संतकबीरनगर पुलिस अलर्ट: 748 अराजक तत्वों को रेड कार्ड नोटिस, डांडिया विवाद के 6 आरोपियों पर गुंडा एक्ट







