देवास में 18 करोड़ के सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन, विधायक पवार बोलीं—गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं

गजरा गियर्स चौराहे से बीएनपी गेट और बीमा तिराहे से कर्मदीप चौराहे तक होंगे बड़े सड़क विकास कार्य; पार्षदों को निगरानी की जिम्मेदारी
देवास। शहर की यातायात व्यवस्था और आवागमन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले प्रमुख सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन विधायक गायत्री राजे पवार ने किया। इस दौरान विधायक ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्षदों से भी अपने-अपने वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।
मुख्य सड़क विकास कार्यों में गजरा गियर्स चौराहे से बीएनपी गेट तक तथा बीमा तिराहे से कर्मदीप चौराहे तक सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं।
गजरा गियर्स से बीएनपी गेट तक 7.80 करोड़ के काम
मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तहत गजरा गियर्स चौराहे से बीएनपी गेट तक करीब 7.80 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड, सर्विस रोड, सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर, स्ट्रॉम वाटर ड्रेन, स्ट्रीट लाइट, पाथवे और ग्रीनरी सहित विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।
वहीं, बीमा तिराहे से कर्मदीप चौराहे तक 11.17 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, डिवाइडर, स्ट्रॉम वाटर ड्रेन, स्ट्रीट लाइट और सुसज्जित पाथवे का निर्माण प्रस्तावित है।
वार्डों में भी सड़क निर्माण को मिली मंजूरी
कार्यक्रम के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में होने वाले सड़क विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। वार्ड 28 की नई आबादी गली नंबर-7 में 10.61 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड एवं पेवर्स ब्लॉक तथा वार्ड 13 के सीताराम नगर में पायोनियर स्कूल के पीछे 10.65 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
इसी प्रकार वार्ड 11 में कॉम्प्लेक्स तिराहे से राधाकृष्ण मिल्क सेंटर होते हुए अलकापुरी चौराहे तक 24.80 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण सड़क पर व्हाइट टॉपिंग तथा बीमा रोड से मुखर्जी नगर कॉम्प्लेक्स तक 39.30 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
'कोई वार्ड विकास से अछूता नहीं रहेगा'
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के साथ देवास में भी लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवास शहर के समग्र विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं और कोई भी वार्ड विकास कार्यों से अछूता नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहर को चारों दिशाओं से हाईवे से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। बीएनपी गेट से एबी रोड को जोड़ने वाली सड़क के अलावा रसूलपुर चौराहे से बिंजाना वार्ड, आवास नगर बीएनपी थाने से सतपुड़ा स्कूल, पालनगर से श्री गणेश मंदिर नागदा वार्ड तथा माली धर्मशाला से मल्हार पुलिया तक सीसी रोड निर्माण के कार्य भी प्रस्तावित हैं। इन कार्यों पर आगामी विधायक निधि से करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात कही गई।
ठेकेदार को मंच से ही दिए गुणवत्ता के निर्देश
विधायक पवार ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को मंच पर बुलाकर निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की निगरानी करने की जिम्मेदारी भी सौंपी।
महापौर गीता अग्रवाल ने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री और विधायक का आभार जताया। सभापति रवि जैन ने शहर के प्रमुख मार्गों के विकास को महत्वपूर्ण कदम बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में नगर निगम की विभिन्न समितियों के अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी मौजूद रहे।

शिवपाल ने भाजपा सरकार को घेरा, सड़कों की बदहाली और भ्रष्टाचार पर साधा निशाना

जनपद के लिए ऐतिहासिक पल, विद्युतीकृत बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉड गेज रेल लाइन की मिली सौगात









