खुले कुएं में गिरने से 22 वर्षीय युवक की हुई मौत
झाड़ियां से ढके हुए खुले कुएं में गिरने से 22 वर्षीय युवक की हुई मौत

रायबरेली डीह थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परशदेपुर के वार्ड नंबर-10 में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। शुक्लाना जूनियर हाईस्कूल के पास झाड़ियों से ढके एक खुले कुएं में गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान परशदेपुर के पूरे काजी निवासी आकाश पुत्र पिंटू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात करीब 9:30 बजे वह झाड़ियों की ओर गया था, तभी अंधेरे में उसे कुआं दिखाई नहीं दिया और वह उसमें जा गिरा। सूचना पर पहुंची डीह पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला और सलोन सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुएं को बंद कराने और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।











