सतवास में 55 वर्षीय माया शर्मा की मौत से हड़कंप, घायल बेटी रानू इंदौर रेफर; पुलिस की जांच तेज

सतवास के पुनर्वास क्षेत्र में सनसनी! घर में महिला मृत मिली, बेटी गंभीर घायल
सतवास। सतवास तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़ौदा के पुनर्वास क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 55 वर्षीय महिला माया अशोक शर्मा मृत अवस्था में मिलीं, जबकि उनकी करीब 25 वर्षीय बेटी रानू पति राकेश घायल हालत में मिली।
घटना की सूचना मिलते ही सतवास थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल रानू को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी ग्रामीण सौम्या जैन, एसडीओपी आदित्य तिवारी और सतवास थाना प्रभारी आशीष पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।
वहीं देर शाम एसपी पुनीत गेहलोद भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर मौके का जायजा लिया।
फिलहाल माया शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनकी बेटी रानू घायल कैसे हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।











