महिला से अश्लील टिप्पणी और मारपीट के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार हथियार जब्त, सभी आरोपियों को न्यायालय ने भेजा जेल

देवास/कन्नौद। ग्राम बहिरावद में महिला से कथित अश्लील टिप्पणी और बाद में मारपीट के मामले में कन्नौद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को युवती अपनी बहन के साथ घर जा रही थी, तभी कुछ युवकों ने कथित रूप से अश्लील टिप्पणी की। शिकायत के बाद आरोपियों और उनके परिजनों द्वारा गाली-गलौज व मारपीट किए जाने का आरोप है।
शिकायत पर पुलिस ने BNS और SC/ST एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने जाबिद, आबिद, शकील, रहीश, आशिक और अफजल को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बाल अपचारी को बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की गई।











