शेल्टर होम में प्रभावित परिवारों से किया सीधा संवाद

रायबरेली में 01 सितम्बर 2026 को विकासखंड अमांवा के लोधीपुर गांव में नहर के ओवरफ्लो होने से अतरिक्त जल भराव हो जाने पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किए जा रहे हैं। सोमवार को गांव में अचानक पानी भरने से महिला एवं बच्चों सहित करीब 100 लोग जल भराव की स्थिति में फंस गए थे। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर जतुवा टप्पा गांव स्थित शेल्टर होम में पहुंचाया, जहां उनके ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। एसडीएम सदर गौतम सिंह पूरी तहसील प्रशासन की टीम के साथ शेल्टर होम पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राहत एवं पुनर्वास व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम सदर ने शेल्टर होम में प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता स्वयं परखी। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही प्रभावित लोगों के बीच बैठकर उनके साथ भोजन भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेल्टर होम में रह रहे सभी प्रभावित परिवारों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं, राहत शिविर में रह रहे किसी भी परिवार को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम ने कहा कि आपदा की इस स्थिति में प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों की सुरक्षा एवं उन्हें आवश्यक राहत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। तहसील एवं संबंधित विभागों की टीमें लगातार क्षेत्र एवं शेल्टर होम की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।











