कार को बचाने में पलटा मोबिल से भरा ट्रक
एक्सप्रेसवे मार्ग पर शनिवार को मोबिल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा

रायबरेली के जगतपुर चिचौली गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे मार्ग पर शनिवार को मोबिल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक का टैंक फटने से उसमें भरा मोबिल सड़क किनारे बने नाले और आसपास के हिस्से में फैल गया। हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर वाहन के अंदर फंस गए। दोनों ने कांच तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। ट्रक चालक ने बताया कि वह अपनी साइड से जा रहा था। इसी दौरान एक कार अचानक सामने आ गई और टर्न लेने लगी। कार को बचाने के प्रयास में उसने ट्रक को मोड़ा, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक में भरा मोबिल बह गया। चालक ने बताया कि ट्रक पलटने के बाद वह और क्लीनर काफी देर तक अंदर फंसे रहे। किसी तरह बाहर निकलने के बाद मौके पर मौजूद एक व्यक्ति उन्हें इलाज के लिए ले गया। प्राथमिक उपचार कराने के बाद दोनों वापस घटनास्थल पर पहुंचे। चालक का आरोप है कि हादसे के बाद आसपास मौजूद कुछ लोग नाले में बह रहे मोबिल को अपने कंटेनरों में भरकर ले गए, लेकिन किसी ने उनकी स्थिति जानने की कोशिश नहीं की। चालक के मुताबिक उसका मोबाइल फोन भी नाले में बह गए मोबिल के बीच चला गया, जो अभी तक नहीं मिल सका है। उसने कुछ रुपये भी वाहन में होने की बात कही, जो हादसे के बाद नहीं मिले। हादसे की सूचना पर एनएचएआई की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। चालक द्वारा कार के अचानक सामने आने की बात कही गई है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।











