जीआरपी थाने का पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश

रायबरेली में बुधवार को जीआरपी पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने रायबरेली जीआरपी थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सचिन पटेल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने थाने के अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, शस्त्रों समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाने की व्यवस्थाओं को देखते हुए थाना प्रभारी के लिए अलग कमरे की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने थाने में उपलब्ध संसाधनों और कर्मचारियों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही बिजली, पानी, उपस्थिति रजिस्टर और रख-रखाव की स्थिति भी जांची गई। स्वच्छता अभियान के तहत थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। जीआरपी पुलिस अधीक्षक ने ट्रेनों में होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं की भी समीक्षा की। बताया गया कि पिछले वर्ष ट्रेनों पर पत्थरबाजी की 17 घटनाएं सामने आई थीं, जबकि इस वर्ष अब तक तीन घटनाएं हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार तीनों घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई है। ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों का सत्यापन कराने पर जोर दिया। यक्ष ऐप के माध्यम से संदिग्ध चोरों और घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि कोचों में सीसीटीवी की बेहतर निगरानी से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के साथ आरोपियों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता और उनकी कार्यक्षमता भी जांची गई। पुलिसकर्मियों के हथियारों का निरीक्षण कर उनके रख-रखाव की स्थिति देखी गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा यात्रियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सचिन पटेल समेत जीआरपी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।










