रायबरेली के थुलवासा में हादसे के बाद पुलिस का त्वरित एक्शन, चौकी इंचार्ज राहुल मिश्रा ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

रायबरेली के थुलवासा बाजार में बुधवार सुबह बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों चालक घायल होकर बेसुध हो गए। सूचना मिलते ही थुलवासा चौकी इंचार्ज राहुल मिश्रा अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस की तत्परता से दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पुलिस टीम ने बिना देर किए घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई। चिकित्सकों ने ई-रिक्शा चालक राम भजन निवासी सोथी की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, बाइक सवार सिराज निवासी मऊ बाजार का भी उपचार कराया गया। हादसे के बाद पुलिस की सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली। समय पर मदद पहुंचाकर चौकी इंचार्ज राहुल मिश्रा और उनकी टीम ने अपनी तत्परता का परिचय दिया।










