बजाज चीनी मिल ने रुधौली क्षेत्र में शुरू किया शरदकालीन गन्ना बुआई अभियान, उन्नत प्रजातियों पर विशेष जोर
किसानों की आय बढ़ाने और बेहतर पैदावार के लिए मिल प्रशासन ने गांवों में बढ़ाई गन्ने की बुआई, उन्नत बीजों व आधुनिक तकनीकों अपनाने की अपील

बस्ती। बजाज चीनी मिल, रुधौली की ओर से शरदकालीन गन्ना बुआई अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत क्षेत्र के जोगिया, समस्तपुर, मलानी, सैदुल्लापुर, अदमापुर, उपरेला (ए व बी), पिरेला (ए व बी) और चंदोरवा गांवों में गन्ने की बुआई को बढ़ावा दिया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ पर चीनी मिल के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने खेतों का निरीक्षण कर गन्ने की बुआई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए उन्नत बीजों और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की। इस वर्ष शरदकालीन बुआई में गन्ने की उन्नत प्रजातियों 0118, 14201, 18231, 16202 और 20016 पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मिल प्रशासन का उद्देश्य बेहतर प्रजातियों के माध्यम से गन्ने की पैदावार और गुणवत्ता बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना है। इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने कहा कि शरदकालीन गन्ना बुआई किसानों के लिए बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ का अवसर है। किसान वैज्ञानिक पद्धतियों और उन्नत बीजों का उपयोग कर अधिक पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, वरिष्ठ गन्ना अधिकारी बाल सिंधु पांडेय ने कहा कि चीनी मिल किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे गन्ने की फसल का बेहतर विकास सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में गन्ना अधिकारी अंजनी तिवारी, धर्मराज सहित चीनी मिल के अन्य अधिकारी, प्रगतिशील किसान और क्षेत्र के बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।

जिले मे कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए राज्य सरकार ने अवसंरचना निधि के तहत 6 प्रमुख सड़कों के निर्माण को दी मंजूरी

जयपुर सुभाष शर्मा ने संभाली Rajesh Motors–JCB में CEO की जिम्मेदारी







