भिंड /विजयादशमी पर भिण्ड पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुआ अस्त्र-शस्त्र पूजन, अधिकारियों ने की सुख-समृद्धि और जनसुरक्षा की कामना

भिण्ड।विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन भिण्ड में परंपरागत रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ शस्त्र पूजन में भाग लिया। विजयादशमी पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस की परंपरा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसुरक्षा के संकल्प की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री पवन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने विजयादशमी के पर्व की परंपरा के अनुरूप अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया। इस अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा, सुख-समृद्धि और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की भावना प्रमुख रही।
कार्यक्रम में एएसपी श्री प्रदीप पटेल, सीएसपी भिण्ड, डीएसपी (मुख्यालय), एसडीपीओ अटेर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधियों और पत्रकार बंधुओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा का निर्वहन
विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। इस दिन शस्त्र पूजन की परंपरा विशेष महत्व रखती है। पुलिस विभाग में भी इस अवसर पर अस्त्र-शस्त्रों का पूजन कर कर्तव्य के प्रति समर्पण, साहस और जनसेवा के संकल्प को दोहराया जाता है।
भिण्ड पुलिस लाइन में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस विभाग ने अपनी परंपराओं का निर्वहन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में संपन्न हुए पूजन कार्यक्रम ने विजयादशमी के पर्व को विशेष बना दिया।
भिण्ड पुलिस का संदेश:त्योहारों के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

दतिया /रतनगढ़ माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 23 घायल

बदायूं में रावण दहन देखने के लिए उमड़ी हजारों की भीड़, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा राधाकांत मंदिर मैदान







