हरदोई कार्यक्रम में कहा सुनी के बाद खूनी संघर्ष मारपीट में घायल अधेड़ की मौत चार आरोपी की रफ्तार

हरदोई कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम महुईपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें घायल हुए एक अधेड़ की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए चार डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर की रात डायल-112 पर ग्राम महुईपुरी में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस को पता चला कि कार्यक्रम के दौरान शेखरन उर्फ गुड्डू पुत्र मोतीलाल और दूसरे पक्ष के राजकिशोर पुत्र लल्लन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में शेखरन उर्फ गुड्डू, रोहित पुत्र गुड्डू और ज्ञाना पत्नी गुड्डू घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय हरदोई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शेखरन उर्फ गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने राजकिशोर, सोमपाल, प्रेमपाल, मुन्नालाल और राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले में कार्रवाई करते हुए कोतवाली देहात पुलिस ने राजकिशोर, सोमपाल और प्रेमपाल निवासी महुईपुरी तथा मुन्नालाल निवासी मोहम्मदपुर, थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार डंडे भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अतिरिक्त निरीक्षक ध्रुव कुमार, उपनिरीक्षक अखिल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।।









