PET-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
PET-2026 परीक्षा पर प्रशासन सख्त!

संत कबीर नगर: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पेयजल और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। जनपद में परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए गए हैं। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहें और बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था तैयार रखी जाए। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों का पहले से निरीक्षण करने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर भी जोर दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य आईटी गैजेट्स ले जाने पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने, अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रखरखाव और परिवहन के लिए भी पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को आपसी समन्वय से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

दतिया /रतनगढ़ माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 23 घायल

बदायूं में रावण दहन देखने के लिए उमड़ी हजारों की भीड़, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा राधाकांत मंदिर मैदान







