भदोही मे विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण

विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण
निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार
जनपद में 704 मतदान केंद्रों पर 1,379 मतदेय स्थल; 92 सेक्टर एवं 10 जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस सेक्टर अधिकारियों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी, भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
संत रविदास नगर, भदोही। 12 नवंबर 2026। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद में कुल 704 मतदान केंद्रों पर 1,379 मतदेय स्थल (बूथ) बनाए गए हैं। निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन एवं निगरानी के लिए 92 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 10 जोनल मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें तथा मतदान केंद्रों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं, पहुंच मार्ग एवं संवेदनशीलता का गहनता से निरीक्षण करें। निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध संकलन एवं प्रेषण भी सुनिश्चित किया जाए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, मतदान केंद्रों के निरीक्षण तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न दायित्वों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें तथा किसी भी समस्या अथवा संवेदनशील स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में निर्वाचन संबंधी प्रशासनिक व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने तथा निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मिनी कुंभ मेला ककोड़ा रोहिलखंड नाम से जाना जाने वाला मेला तंबुओं का शहर, एसडीएम और मेला प्रभारी ने गंगा तट पर पहुंचकर लिया तैयारियों का जायजा

कोरबा: टीपी नगर में शराब दुकान के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला गैरेज मैकेनिक का शव, जांच में जुटी पुलिस







