हरदोई में 456 बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया

हरदोई: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय के आदेश तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव के निर्देश पर तहसील सदर सभागार में 156-हरदोई विधानसभा क्षेत्र के सभी 456 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गुलाब चन्द्र ने अधिकारियों को निर्वाचन कार्य गंभीरता एवं समयबद्धता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2026 को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होगा और दावे-आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
गुलाब चन्द्र ने बीएलओ की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के लिए टेबल टॉक एक्सरसाइज कराने और सत्यापन कार्य दो दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। सभी बीएलओ को बीएलओ ऐप पर फॉर्म-6, 7, 8 की जांच व डिजिटल करने तथा फॉर्म-9, 10, 11 की सूची तैयार कर कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सत्यापन कार्यों की निगरानी करनी है और सुपरवाइजरों को बीएलओ को मतदाता सूची की प्रतियां तुरंत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नायब तहसीलदार सदर ममता सिंह, प्रमेय कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी बावन राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी, सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।









