यूपी में दर्दनाक हादसा: चलती बस में लगी भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर और बस से कूदकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि बस दिल्ली से महोबा की ओर जा रही थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने और बाहर निकलने का ज्यादा मौका नहीं मिल पाया। आग लगने के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह खिड़कियां खोलने और शीशे तोड़ने की कोशिश की। कुछ यात्रियों ने बस से बाहर निकलने के लिए खिड़कियों से छलांग लगा दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बस पूरी तरह जल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार हादसे में 9 यात्रियों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में बस के चालक और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही के पहलू की भी जांच की जा रही है। हालांकि बस में आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










