ग्राम नयापुरा आंगनवाड़ी में धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

खातेगांव। तहसील क्षेत्र के ग्राम नयापुरा (बजगांव) स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के स्वरूप में सजकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने भजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं भारतीय संस्कृति की जानकारी दी गई।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पपीता कुमरे एवं सहायिका मधु कर्मा ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक पर्वों की जानकारी भी दी जाती है। जन्माष्टमी का आयोजन बच्चों को हमारी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित ग्रामवासियों का मन मोह लिया। अंत में सभी ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन कर जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।











