चोरी के मामले में सर्राफा व्यापारी को आरोपी बनाए जाने पर भड़के व्यापारी, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

एटा/अलीगंज। अलीगंज और जैथरा के सर्राफा व्यापारी शनिवार को तहसील अलीगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एकजुट होकर पहुंचे। सर्राफा कमेटी अलीगंज के अध्यक्ष एडवोकेट अरविंद सोनी और जैथरा सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष सचिन गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को ज्ञापन सौंपकर एक सर्राफा व्यापारी को चोरी के मामले में आरोपी बनाए जाने पर निष्पक्ष जांच की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि जैथरा और अलीगंज क्षेत्र के सर्राफा कारोबारी कानून और नियमों के अनुसार अपना व्यवसाय करते हैं। करीब 9,200 रुपये कीमत की चांदी की पायल चोरी के मामले में एक व्यापारी को आरोपी बनाकर जेल भेजे जाने से व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने एसएसपी से मांग की कि मामले में लगाए गए आरोपों, दर्ज तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। यदि व्यापारी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, लेकिन केवल किसी आरोपी के बयान या आरोप के आधार पर निर्दोष व्यापारी को परेशान न किया जाए। पुरानी ज्वेलरी की खरीद-बिक्री के लिए गाइडलाइन की मांग व्यापारियों ने पुराने सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद-बिक्री को लेकर स्पष्ट और लिखित गाइडलाइन जारी करने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि आभूषण खरीदते समय पहचान-पत्र, बिल, घोषणा-पत्र समेत आवश्यक सावधानियों का पालन किया जाता है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से कानूनी प्रक्रिया और जरूरी सावधानियों के संबंध में जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि किसी भी कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई से पहले उपलब्ध साक्ष्यों और वास्तविक तथ्यों की कानूनी जांच होनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में बने असुरक्षा के माहौल को समाप्त करने तथा सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में अलीगंज नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार आर्य, जैथरा नगर अध्यक्ष राजेश कुमार, विजय शाक्य, अशोक वर्मा, संजीव कुमार वर्मा, प्रमोद कुमार, राजू ज्वेलर्स, पप्पन यादव, संजीव वर्मा, अंशुल गुप्ता, शोभित गुप्ता और आशीष यादव सहित अलीगंज व जैथरा के कई सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।

सकीट में पटाखा गोदाम पर छापा, 500 किलो के लाइसेंस से अधिक स्टॉक की आशंका

उचित दर विक्रेताओं ने लाभांश वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार









