खातेगांव में महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का संबल, शिवराज बोले- हुनर के साथ रोजगार के लिए बैंक से दिलाएंगे ऋण

देवास, 5 सितंबर 2026। महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खातेगांव में नि:शुल्क सिलाई कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण लेने पहुंचीं महिलाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रशिक्षण के साथ रोजगार के लिए ऋण की व्यवस्था
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि आरसेटी के माध्यम से महिलाओं को सिलाई और ब्यूटी पार्लर जैसे रोजगारपरक कौशल का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं के रहने और भोजन की व्यवस्था भी की गई है। युवाओं और महिलाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग, कौशल विकास तथा करियर काउंसलिंग जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
प्रदेश में 50 लाख से अधिक महिलाओं को बनाएंगे लखपति दीदी
श्री चौहान ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को मजबूत किया जा रहा है। अधिक से अधिक महिलाओं को इन समूहों से जोड़ा जाएगा। प्रदेश में 50 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि देवास जिले में 25 सितंबर से ‘समृद्धि अभियान’ का शुभारंभ किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
तीन जिलों के प्रशिक्षण केंद्रों का भी वर्चुअल शुभारंभ
खातेगांव के मुख्य कार्यक्रम से श्री चौहान ने वर्चुअल माध्यम से विदिशा, सीहोर और रायसेन के प्रशिक्षण केंद्रों का भी शुभारंभ किया। इन जिलों के प्रशासनिक अधिकारी और प्रशिक्षणार्थी महिलाएं ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़ीं।
नशामुक्ति का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने नशे के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशा नहीं करने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया।
दो हितग्राहियों को ऋण के चेक
रोजगार स्थापित करने के लिए श्री शिवराज सिंह चौहान ने श्री राम शंकर कौशल को 1 लाख 90 हजार रुपये और श्री कमलेश राठौर को 3 लाख रुपये के ऋण के चेक प्रदान किए। दोनों लाभार्थियों ने आईसीटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त किया था।
विधायक आशीष शर्मा बोले- महिलाओं को मिल रहे आत्मनिर्भर बनने के अवसर
खातेगांव विधायक श्री आशीष शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं और बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगारपरक प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
आरसेटी ने लिया पौधारोपण का संकल्प
कार्यक्रम में आरसेटी अधिकारी ने बताया कि संस्थान द्वारा एक वर्ष तक पौधारोपण और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया गया है। केंद्रीय मंत्री ने इस पहल की सराहना की।
बहनों ने बांधी राखी, शिवराज ने दिया सुरक्षा का भरोसा
प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद खातेगांव क्षेत्र की सैकड़ों बहनों ने उत्साहपूर्ण माहौल में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की कलाई पर राखी बांधी और उनके दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। श्री चौहान ने भी बहनों के प्रति स्नेह व्यक्त करते हुए उनके सुरक्षा और सर्वांगीण विकास का वचन दिया।
सिलाई के साथ उद्यमिता और वित्तीय साक्षरता का प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण बैंक ऑफ इंडिया स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में ग्रामीण महिलाओं को महिला वस्त्र निर्माण यानी सिलाई का व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ उद्यमिता, स्वरोजगार और वित्तीय साक्षरता की जानकारी भी दी जाएगी।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने खातेगांव में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में भी सहभागिता की। कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।

शिवपाल ने भाजपा सरकार को घेरा, सड़कों की बदहाली और भ्रष्टाचार पर साधा निशाना

देवास में 18 करोड़ के सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन, विधायक पवार बोलीं—गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं









