*बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचीं विधायक सुरभि गंगवार, राहत सामग्री बांटकर जाना हाल-चाल*

गंगा में आई बाढ़ के चलते प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं। रविवार को कायमगंज विधानसभा की विधायक डॉ. सुरभि गंगवार, कायमगंज एसडीएम अभिषेक वर्मा एवं नगर पंचायत शमसाबाद के नामित सभासद जितेंद्र शाक्य तहसीलदार अरविंद कुमार सोरन राजपूत मृदुल गंगवार मदारी गंगवार प्रधान प्रतिनिधि कुन्दन सिंह सहित अन्य लोगों ने गल्ला मंडी शमसाबाद में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान ग्राम बल्लू बेटा, बस्ती एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों से पहुंचे ग्रामीणों को बिस्कुट सहित राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं तथा बाढ़ के कारण उत्पन्न परेशानियों की जानकारी ली। विधायक सुरभि गंगवार ने प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। एसडीएम अभिषेक वर्मा ने भी राहत व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं के अनुसार मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।











