सड़क के गड्ढे ने पलटी पुलिस की रफ्तार, नाले में जा घुसी पीआरबी

अलीगंज। कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर बुधवार रात सड़क का गहरा गड्ढा पुलिस की पीआरबी गाड़ी पर भारी पड़ गया। एसएस रिसोर्ट के सामने अचानक गड्ढे में पहिया जाने से 112 नंबर पीआरबी का अगला टायर फट गया। टायर फटते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा घुसा। हादसे में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि वाहन में सवार अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे पीआरबी टीम एक इवेंट के लिए कायमगंज-अलीगंज मार्ग से जा रही थी। एसएस रिसोर्ट के सामने सड़क पर बने गहरे गड्ढे में अचानक वाहन का पहिया चला गया। तेज झटके के बाद अगला टायर फट गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे नाले में जा घुसी। हादसे में एक पुलिसकर्मी को चोट आई। घायल ने निजी अस्पताल में उपचार कराया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त पीआरबी को नाले से बाहर निकलवाया। सड़क के गड्ढे बने जान का खतरा स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएस रिसोर्ट के सामने सड़क पर लंबे समय से गहरे गड्ढे बने हुए हैं। रात के समय इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने संबंधित विभाग से मार्ग की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।











