लड्डू खाते ही बिगड़ी तबीयत! शिकायत पर मिष्ठान भंडार में पहुंची खाद्य विभाग की टीम

सकीट। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित जैन मिष्ठान भंडार में बृहस्पतिवार को खाद्य विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की। बूंदी के लड्डू खराब होने की ऑनलाइन शिकायत मिलने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई से मिष्ठान विक्रेताओं में खलबली मच गई। टीम ने मौके से संदिग्ध लड्डुओं के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर थाना क्षेत्र के नगला मटीला निवासी अनूप यादव सकीट क्षेत्र के नगला गंगी में भांजे के नामकरण संस्कार में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के लिए उन्होंने मुख्य बाजार स्थित जैन मिष्ठान भंडार से बूंदी के लड्डू खरीदे थे। अनूप यादव के अनुसार लड्डू खाने के बाद उनमें तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद परिवार के दो सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। उन्होंने मिठाई की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए खाद्य विभाग के उच्चाधिकारियों से ऑनलाइन शिकायत की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम के नेतृत्व में टीम मिष्ठान भंडार पहुंची और निरीक्षण किया। टीम ने संदिग्ध लड्डुओं के सैंपल सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की गई है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बहराइच: पशुओं को गंभीर बीमारी से बचाने के लिए FMD टीकाकरण अभियान शुरू

उन्नाव औरास क्षेत्र के गेरूवा गांव में स्थित ककोर बाबा मेले में उमड़ी हजारों की भीड़ चर्म रोग से मुक्ति की है









