भदोही मे फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
अधिकारियों की आईडी का दुरुपयोग कर कूटरचित दस्तावेज अपलोड करने का आरोप, तीन एंड्रायड मोबाइल बरामद
भदोही। सुरियावां थाना पुलिस ने अधिकारियों की आईडी का दुरुपयोग कर कूटरचित दस्तावेज और सादे कागज अपलोड करके फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल में 1,11,000 रुपये के ऑनलाइन अवैध लेनदेन का विवरण भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार सुरियावां थाना क्षेत्र में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए सरकारी प्रक्रिया को दरकिनार कर ग्राम पंचायत व विकास विभाग के अधिकारियों को गुमराह करते हुए उनकी यूजर आईडी/ई-मेल आईडी का दुरुपयोग किया। आरोपियों ने जन्म प्रमाणपत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन से संबंधित कूटरचित दस्तावेज व सादे कागज अपलोड कर फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार किए और उन्हें डाउनलोड कर अवैध धन अर्जित किया। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 144/26, धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत थाना सुरियावां में विधिक कार्रवाई चल रही थी।
पुलिस टीम ने तीनों को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी के कुशल नेतृत्व में 28 सितंबर को थाना सुरियावां पुलिस टीम ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्ण कुमार प्रजापति पुत्र विनोद प्रजापति, निवासी ग्राम मनापुर, थाना सुरियावां, जनपद भदोही, उम्र करीब 25 वर्ष, जो ग्राम मनापुर में संविदा पंचायत सहायक/कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत बताया गया है, शामिल है। पुलिस के अनुसार वह इस गिरोह का सरगना है।
दूसरा आरोपी प्रदीप कुमार पुत्र रमेश कुमार, निवासी गहरपुर, थाना बरसठी, जिला जौनपुर, उम्र करीब 28 वर्ष है। वह सुरियावां बाईपास स्थित बिंद प्रदूषण केंद्र का संचालक बताया गया है।
तीसरा आरोपी कमलकांत यादव उर्फ कमल यादव पुत्र जय नारायण यादव, निवासी ग्राम चककिशनदास, थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही, उम्र करीब 32 वर्ष है। पुलिस के मुताबिक वह मोढ़ पुरानी बाजार स्थित आधार सुधार केंद्र का संचालक है।
76 हजार और 35 हजार रुपये के लेनदेन का विवरण मिला
पुलिस के अनुसार विभिन्न कंपनियों के तीन एंड्रायड मोबाइल फोन तथा आरोपियों के बैंक खातों व मोबाइल में क्रमशः 76,000 रुपये प्रदीप कुमार तथा 35,000 रुपये कमल यादव के ऑनलाइन अवैध लेनदेन का विवरण मिला है। पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं।
अधिकारियों की आईडी लेकर बनाते थे फर्जी प्रमाणपत्र
पूछताछ में मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार प्रजापति ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम मनापुर में संविदा पर पंचायत सहायक है। अधिकारियों को कंप्यूटर की कम जानकारी होने का फायदा उठाकर वह उनसे ओटीपी प्राप्त कर उनकी ई-मेल आईडी और पोर्टल पर लॉगिन कर लेता था।
पुलिस के मुताबिक सह-आरोपी प्रदीप कुमार और कमल यादव संबंधित प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कृष्ण कुमार प्रजापति को डाटा उपलब्ध कराते थे। इसके बाद कृष्ण कुमार उन्हीं लॉगिन सत्रों का दुरुपयोग करते हुए वैध आवेदनों की आईडी में फर्जी डाटा और कूटरचित दस्तावेज अपलोड कर सीआरएस पोर्टल से कूटरचित तरीके से जन्म प्रमाणपत्र डाउनलोड कर लेता था।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी मिलकर यह काम कर रहे थे और अब तक करीब 200 से 250 फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाकर अवैध लाभ कमाना स्वीकार किया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी प्रमाणपत्रों के इस्तेमाल से संबंधित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार तिवारी, चौकी प्रभारी पाली, थाना सुरियावां, उपनिरीक्षक मो. शकील खां, कांस्टेबल अहम सिंह, कांस्टेबल गोलू कुमार एवं कांस्टेबल श्रीराम सरोज शामिल रहे।
स्वाट/सर्विलांस टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार पाण्डेय, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल, हेड कांस्टेबल राधेश्याम कुशवाहा, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल ब्रजेश सूर्यवंशी, हेड कांस्टेबल नागेन्द्र यादव, कांस्टेबल गोपाल खवार, कांस्टेबल नीरज यादव, कांस्टेबल राघवेन्द्र कुशवाहा, कांस्टेबल मन्नू सिंह, कांस्टेबल सुनील पाल, कांस्टेबल सुनील कनौजिया, कांस्टेबल हिमांशु सिंह, कांस्टेबल दीपक यादव एवं कांस्टेबल प्रत्युष पाठक शामिल रहे।

गोशालाओं में गोवंश की मौत पर बड़ी कार्रवाई, एनजीओ ब्लैकलिस्टेड और FIR दर्ज, दो सचिव-दो डॉक्टर निलंबित, दो गिरफ्तार

भिंड /खुजा में निकले डोल, रामलला ने किया नगर भ्रमणडोल ग्यारस पर भक्तिमय हुआ खुजा, श्रद्धालुओं ने जगह-जगह किया स्वागत








