हरिया तराई में खलिहान की जमीन पर कब्जे का आरोप, रास्ता बाधित होने से राहगीर परेशान

हरिया तराई। ग्राम पंचायत हरिया तराई के मजरा लालपुर चौराहा स्थित खलिहान की जमीन गाटा संख्या 399 पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खलिहान की जमीन के साथ-साथ सड़क की पटरी पर भी अवैध रूप से छप्पर रखकर रास्ते को बाधित किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रास्ते पर अतिक्रमण के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि जानकीनगर ग्राम सभा को जाने वाले मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग संकरा होने के कारण वाहन निकलते समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और इससे जान-माल के खतरे की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित प्रशासन से मामले की जांच कर खलिहान की जमीन और सड़क की पटरी से कथित अतिक्रमण हटाने तथा रास्ते को सुचारु कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब तक जांच कर कार्रवाई करता है और ग्रामीणों को अतिक्रमण की समस्या से कब राहत मिलती है।











