प्राथमिकता पर निस्तारित करें राजस्व वाद आज जिला स्तरीय पर की गई बैठक

बदायूँ: 21 अक्टूबर। जिलाधिकारी अवनीश राय ने लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली करने वाले अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक दशा में लक्ष्य के सापेक्ष शतप्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए अन्यथा उनके विरुद्ध कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अंजुम बी सहित सभी उपजिलाधिकारियों के साथ राजस्व वसूली तथा राजस्व वादों के निस्तारण की गहन समीक्षा की। उन्होंने पाया कि राजस्व वसूली में परिवहन विभाग ने लक्ष्य के सापेक्ष 106.42 प्रतिशत, मण्डी समिति ने 100.98 तथा बाटमाप विभाग ने 99 प्रतिशत वसूली करने पर डीएम ने प्रसन्नता व्यक्त की। खनन विभाग द्वारा 24.15, वणिज्यकर (जीएसटी) 40.39, वन विभाग 49.38, विद्युत देय अन्तर्गत लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 54.93 प्रतिशत की ही वसूली करने पर डीएम ने हिदायत दी कि सभी विभाग लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत वसूली करना सुनिश्चित करें। उन्हांेने राजस्व वादों की समीक्षा में पाया कि धारा 116 (कानूनी बंटवारे से सम्बंधित) के अन्तर्गत तहसील सदर में 579, दातागंज 397, बिसौली 311, बिल्सी 249 तथा तहसील सहसवान 102 सहित कुल 1638 वाद अभी तक लम्वित है। वहीं धारा 34 (दाखिल-खारिज से सम्बंधित) के अन्तर्गत तहसील सदर में 2026, दातागंज 1420, बिसौली 1805, बिल्सी 1337 तथा तहसील सहसवान 1454 सहित कुल 8042 वाद अभी तक लम्वित है। धारा 24 (पैमाइश से सम्बंधित) के अन्तर्गत तहसील सदर में 257, दातागंज 255, बिसौली 154, बिल्सी 114 तथा तहसील सहसवान 60 सहित कुल 840 वाद अभी तक लम्वित है। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि समस्त वादों को प्राथमिकता पर निस्तारण करें। अधिक पुराने वादों को किसी भी दशा में लम्वित नहीं रहना चाहिए। इस अवसर सभी उपजिलाधिकारी सहित समस्त सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।









