एटा डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

एटा। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद निर्वाचन को लेकर जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों के पहुंचने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मारहरा ब्लॉक के प्राथमिक पाठशाला मिरहची स्थित शिक्षक निर्वाचन बूथ संख्या-81 का जायजा लिया गया, जहां 191 मतदाता मतदान करेंगे। इसके बाद खंड विकास कार्यालय में स्नातक निर्वाचन के बूथ संख्या-133 और 134 का निरीक्षण किया गया। यहां क्रमशः 1,270 और 1,321 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निधौली कलां ब्लॉक में स्थापित दो स्नातक और एक शिक्षक निर्वाचन बूथ का भी निरीक्षण किया गया। यहां स्नातक बूथों पर क्रमशः 1,325 और 1,275 मतदाता तथा शिक्षक बूथ संख्या-80 पर 66 मतदाता मतदान करेंगे।जिलाधिकारी ने प्रवेश-निकास की उचित व्यवस्था, साफ-सफाई, पोलिंग पार्टियों के बैठने के स्थान तथा मतदाताओं की सुविधाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों के आसपास अनाधिकृत व्यक्तियों की मौजूदगी रोकने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदाताओं को पहचान के लिए निर्धारित पहचान पत्र अथवा निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमन्य वैकल्पिक पहचान दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।









