नेमावर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर आयोजित, अधिकारियों ने मौके पर किया समस्याओं का निराकरण

उद्योग संवाद में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने सुनाई सफलता की कहानियां, 15 हितग्राहियों को 53.41 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित
नेमावर। आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने तथा स्वरोजगार और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को खातेगांव विकासखंड के ग्राम नेमावर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीत कुमार धुर्वे एवं अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन ने ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
लखपति दीदियां नवाचार अपनाकर बनें आत्मनिर्भर : धुर्वे
शिविर के दौरान अधिकारियों की उपस्थिति में उद्योग संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें जिला पंचायत सीईओ श्री धुर्वे ने कहा कि शासन की मंशा है कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदियां नए क्षेत्रों में नवाचार अपनाकर आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनें। इसके लिए महिलाओं को वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उद्योग संवाद जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
संवाद के दौरान स्थानीय स्तर पर निवेश को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा कुटीर एवं लघु उद्योगों के संचालन में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण, जैविक खेती और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को शासन की योजनाओं से जोड़कर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। समूह के माध्यम से वे आर्थिक रूप से मजबूत बनी हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। स्थानीय उद्यमियों ने भी अपने व्यवसाय में मिली सफलता और शासन से प्राप्त सहयोग की जानकारी दी।
15 हितग्राहियों को मिले 53.41 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम में स्वरोजगार एवं व्यवसाय विस्तार को बढ़ावा देने के लिए 15 हितग्राहियों को कुल 53 लाख 41 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इनमें बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 10 हितग्राहियों को 45 लाख 41 हजार रुपये तथा मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा 5 हितग्राहियों को 8 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सौम्या जैन, एसडीएम खातेगांव श्री राजेंद्र पवार, डिप्टी कलेक्टर श्री संजीव सक्सेना, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

भदोही जिला कारागार ज्ञानपुर में अचानक निरीक्षण से हड़कंप! जिला जज, डीएम और एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की समस्याओं से लेकर स्वास्थ्य-सफाई तक की पड़त

भदोही मे जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पीईटी परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण







