सहारनपुर में आज आकाश आनंद की जनसभा, नकुड़ सीट के प्रत्याशी के नाम पर भी लगेगी मुहर!

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आज 2 नवंबर को सहारनपुर पहुंचेंगे। उनका कार्यक्रम सरसावा क्षेत्र के सौराना में प्रस्तावित है, जहां वह विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस जनसभा को बसपा की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान नकुड़ विधानसभा सीट से नरेश कुमार सैनी की उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा किए जाने की तैयारी है।
बसपा प्रमुख मायावती के नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति पर काम कर रही है। जनसभा में आकाश आनंद पार्टी की नीतियों, विचारधारा और बसपा शासनकाल के दौरान किए गए कार्यों को जनता के सामने रख सकते हैं।
पार्टी की ओर से बसपा शासनकाल में कराए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है। सहारनपुर में बसपा का पुराना राजनीतिक आधार रहा है। ऐसे में इस जनसभा के जरिए पार्टी क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी तैयारियों का संदेश देने की कोशिश करेगी।
अब सभी की निगाहें आकाश आनंद के संबोधन और नकुड़ विधानसभा सीट से प्रत्याशी की औपचारिक घोषणा पर टिकी हैं।









