नागदा में नाले के नीचे पेयजल पाइपलाइन फूटी, हजारों गैलन पानी हो रहा बर्बाद

नागदा। मध्य प्रदेश में उज्जैन जिले के शहर नागदा के वार्ड क्रमांक 7 में 64 ब्लॉक स्थित गंदे नाले के नीचे पेयजल पाइपलाइन फूट जाने से हजारों गैलन पानी लगातार व्यर्थ बह रहा है। एक ओर जहां पानी की बचत को लेकर जागरूकता की आवश्यकता है, वहीं दूसरी ओर नगर में पेयजल की मुख्य पाइपलाइन से पानी का इस तरह बहना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। पाइपलाइन फूटने के कारण वार्ड क्रमांक 6, 7, 8 और 9 में पेयजल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। पाइपलाइन से पानी लगातार बहने के चलते इन वार्डों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पाएगा, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गौरतलब है कि त्योहारो के चलते इस दौरान प्रत्येक घर में पानी की आवश्यकता सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहती है। ऐसे में पाइपलाइन का समय रहते दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संतोष ओ.पी. गेहलोत एवं जल विभाग प्रभारी श्री प्रकाश जैन से मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेजा जाए और फूटी हुई पाइपलाइन को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि हजारों गैलन स्वच्छ पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके और चारों वार्डों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके। स्थानीय नागरिकों ने भी सवाल उठाया है कि पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के बावजूद अब तक संबंधित नगर पालिका कर्मचारियों का ध्यान इस ओर क्यों नहीं गया। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि त्योहार के मद्देनजर बिना किसी देरी के मरम्मत कार्य करवाया जाए, ताकि आम जनता को पानी की समस्या से जूझना न पड़े।

बदायूं:पचास हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

बहराइच : कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार से सटे बर्दिया गांव के नलकूप कक्ष के पास चमकीले लाल रंग का दुर्लभ रेड कोरल कुकरी सांप (Oligodon kheriensis) दिखाई दिया।







