हरदोई रिश्र्वतखोरी और अभद्र व्यवहार के आरोप में दरोगा एसपी का बड़ा एक्शन दरोगा को किया निलंबित

पेड़ कटवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, आमजन से अभद्रता की शिकायत भी बनी कार्रवाई की वजह; एसपी अशोक कुमार मीणा ने विभागीय जांच के दिए आदेश
हरदोई हरपालपुर पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और आमजन के साथ अनुचित व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसपी अशोक कुमार मीणा ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में हरपालपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह को रिश्वतखोरी के आरोप और आमजन के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरोगा देवेंद्र सिंह पर पेड़ कटवाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगा था। इसके साथ ही आम लोगों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने की शिकायतें भी सामने आई थीं। मामला 10 नवंबर की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने जिले के सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना भी है। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही, भ्रष्टाचार, अनुचित आचरण और जनता के साथ अभद्रता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि वर्दी की आड़ में पद का दुरुपयोग करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और शिकायत सही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।









