रायबरेली में जिलाधिकारी ने हरी झण्डी दिखाकर रैली को किया रवाना
जनगणना-2027 के तहत स्वगणना के प्रति जनजागरूकता का संदेश लेकर निकली भव्य बाइक रैली

रायबरेली में 16 नवम्बर 2026 को भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत आम जनमानस को स्वगणना के प्रति जागरूक करने एवं अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट सभागार से स्वगणना जागरूकता बाइक रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस जागरूकता रैली में बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली में लगभग 500 बाइक सम्मिलित रहीं। रैली के माध्यम से जनसामान्य को जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना के महत्व एवं इसकी उपयोगिता के प्रति जागरूक करते हुए अधिकाधिक सहभागिता का संदेश दिया गया। बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारम्भ होकर सिविल लाइन चौराहा, गोल चौराहा, रतापुर चौराहा, त्रिपुला चौराहा होते हुए जहानाबाद चौकी बस स्टॉप से गुजरकर राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने आमजन को स्वगणना के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित किया। रैली के समापन के उपरान्त मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को स्वगणना करने की शपथ दिलाई। उन्होंने जनगणना-2027 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने परिवार, आस-पड़ोस एवं अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, जिससे जनगणना का कार्य अधिक प्रभावी एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।









