रायबरेली में डीएम व एसपी ने कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं मुख्य स्नान पर्व को लेकर की तैयारियों की समीक्षा
23, 24 एवं 25 नवम्बर को डलमऊ सहित जनपद के विभिन्न स्थलों पर मेला एवं घाटों पर होगा मुख्य स्नान पर्व

रायबरेली में 18 नवम्बर 2026 को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ आगामी कार्तिक पूर्णिमा मेला डलमऊ सहित जनपद के विभिन्न स्थलों पर आयोजित होने वाले मेलों एवं घाटों पर 23, 24 एवं 25 नवम्बर 2026 को सम्पन्न होने वाले मुख्य स्नान पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों एवं कार्यवाहियों की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला एवं स्नान पर्व से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डलमऊ सहित जनपद के सभी मेला स्थलों एवं घाटों पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए चिकित्सा शिविरों की स्थापना, एम्बुलेंस की तैनाती तथा आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही अग्निशमन व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, पार्किंग, साफ-सफाई एवं घाटों पर बैरिकेटिंग की समुचित व्यवस्था समय से पूर्ण कराई जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मेला स्थल एवं घाट पर आवश्यकतानुसार प्वाइंटवार एवं शिफ्टवार अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की जाए। ड्यूटी पर तैनात कार्मिक अपने निर्धारित स्थल पर समय से उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। व्यवस्थाओं की सतत निगरानी भी सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और स्नान पर्व सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में संयुक्त रूप से भ्रमण कर स्थलों का निरीक्षण कर आयोजकों से समन्वय स्थापित करते हुवे सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध सुनिश्चित करवाते हुवे आयोजनों को सुचारू रूप से सम्पन्न कराए। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेला स्थलों एवं घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, यातायात के सुचारू संचालन तथा पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।









