हरदोई: सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने शिकायतें सुनकर निर्देश दिए

हरदोई: तहसील सवायजपुर में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए, जबकि अन्य मामलों में स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने राजस्व संबंधी शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए मेड़बंदी, चकरोड और चकरोडों पर अवैध कब्जे से संबंधित मामलों में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने और सार्वजनिक रास्तों से अवैध कब्जा हटाने के लिए सख्त कार्रवाई निर्देशित की। विकास विभाग से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण हेतु जिला विकास अधिकारी को समन्वय स्थापित कर स्थलीय सत्यापन के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी सवायजपुर, जिला विकास अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।









