जीजा के प्यार में साली ने बहन को उतारा मौत के घाट, 15 साल बाद मिली उम्रकैद की सजा!

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाले पंद्रह साल पुराने सनसनीखेज हत्याकांड में अदालत का अंतिम फैसला आ गया है। कोर्ट ने अपनी सगी बहन की जान लेने वाली दोषी युवती को उम्रकैद की सजा सुनाई है और उस पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह वारदात भोजीपुरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2011 में हुई थी, जहां जीजा के साथ अवैध प्रेम प्रसंग में अंधी होकर छोटी बहन ने अपनी ही बड़ी बहन को रास्ते से हटाने का खौफनाक षड्यंत्र रचा था।
18 जून 2011 की रात जब पीड़िता अपने पति के साथ मायके आई हुई थी, तब छोटी बहन उसे शौच के बहाने खेत में ले गई। वहां दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी युवती ने पुलिस को भटकाने के लिए अपहरण का झूठा ड्रामा रचा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में साजिश खुल गई। मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी पति की मौत हो गई थी। अदालत ने 12 गवाहों और मजबूत साक्ष्यों के आधार पर दोषी बहन को आजीवन कारावास की सजा देकर जेल भेज दिया।










