250 CCTV कैमरों की 7 दिन तक निगरानी, डिजिटल ट्रेल से पकड़ा बाइक चोर

औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने चोरी की स्प्लेंडर बरामद कर 21 वर्षीय आरोपी को किया गिरफ्तार, अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी
देवास। शहर में वाहन चोरी की वारदात का खुलासा करने में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत लगाए गए CCTV कैमरे एक बार फिर पुलिस के लिए अहम साबित हुए। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने 19 अगस्त को चोरी हुई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का सुराग करीब 250 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद जुटाया। पुलिस टीम ने करीब सात दिनों तक फुटेज और डिजिटल ट्रेल का बारीकी से विश्लेषण किया, जिसके बाद 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को सागर वाशिंग सेंटर, गर्ग स्टेट, देवास के बाहर से परवेज पिता मंजूर शेख (52), निवासी एबी रोड की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP41MQ9878 चोरी हो गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर 21 अगस्त को थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 761/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
250 कैमरों की फुटेज से तैयार की डिजिटल ट्रेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत क्षेत्र में लगे करीब 250 CCTV कैमरों की फुटेज लगातार सात दिनों तक खंगाली।
पुलिस ने चोरी के स्थान से लेकर संदिग्ध की गतिविधियों और वाहन की आवाजाही से जुड़े अलग-अलग कैमरों के फुटेज को आपस में जोड़कर डिजिटल ट्रेल तैयार की। इसी ट्रेल के आधार पर पुलिस संदिग्ध तक पहुंची।
जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान अंकित प्रजापति पिता महेश प्रजापति (21), निवासी ग्राम रेहटिया, तहसील टोंकखुर्द, जिला देवास के रूप में हुई।
आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार की बाइक बरामद
पुलिस टीम ने 27 अगस्त को अंकित प्रजापति को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से चोरी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP41MQ9878 बरामद की गई। बरामद बाइक की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। साथ ही उससे अन्य वाहन चोरी अथवा संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है।
CCTV नेटवर्क बना पुलिस की बड़ी ताकत
शहर में अपराधों की निगरानी और वारदात के बाद आरोपियों तक पहुंचने में CCTV नेटवर्क पुलिस के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बनता जा रहा है। इस मामले में भी घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों की फुटेज को जोड़कर तैयार की गई डिजिटल ट्रेल ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक अमित सोलंकी, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह राणा, प्रधान आरक्षक गोविंद चौहान, आरक्षक अजय जाट, लक्ष्मीकांत शर्मा, रणवीर सिकरवार तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











