तहसील में रिश्वत का खेल! 30 हजार लेते एसडीएम के पेशकार को दबोचा
एंटी करप्शन टीम की अचानक दस्तक से तहसील में मची खलबली, शिकायत के बाद बिछाया था जाल

अलीगंज। अलीगंज तहसील में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन अलीगढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए एसडीएम के पेशकार अनूप सिंह को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया। टीम की अचानक हुई कार्रवाई से तहसील परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खलबली मच गई। टीम ने मौके से रकम बरामद करने के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि जैथरा थाना क्षेत्र के धरौली निवासी ज्ञान सिंह ने एंटी करप्शन अलीगढ़ से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि किसी आदेश को कराने के नाम पर पेशकार द्वारा 30 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की पड़ताल की और आरोपों की पुष्टि के लिए जाल बिछाया। मंगलवार को इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम अलीगंज तहसील पहुंची। शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ पेशकार के पास भेजा गया, जबकि टीम के सदस्य आसपास तैनात रहे। आरोप है कि पेशकार ने जैसे ही शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लिए, टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई होते ही तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों और फरियादियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। टीम ने कथित रिश्वत की रकम अपने कब्जे में लेने के साथ आवश्यक साक्ष्य और दस्तावेज जुटाए। कार्रवाई पूरी करने के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी पेशकार को अपने साथ ले गई। उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि रिश्वत मांगने और लेने के आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।










