बदायूं रोहरी गांव में बदहाल रास्तों से ग्रामीण परेशान कीचड़ के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

थाना दातागंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत रोहरी में गांव की गलियों और रास्तों की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब पांच वर्षों से गांव की कई गलियां और रास्ते बदहाल पड़े हैं। बारिश के दिनों में इन रास्तों पर कीचड़ और जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बीमार लोगों को उपचार के लिए ले जाने में दिक्कत होती है। एंबुलेंस और अन्य सरकारी वाहनों को भी गांव के अंदर पहुंचने में परेशानी होती है। सबसे अधिक समस्या स्कूली बच्चों को हो रही है। कीचड़ और खराब रास्तों के कारण कई बच्चे स्कूल जाने से भी वंचित रह जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान रामबेटी पत्नी पातीराम के संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि उनके सगे बेटे सुरेश पुत्र पातीराम गांव में रोजगार सेवक हैं। ग्रामीणों ने दोनों पर विकास कार्यों के धन में अनियमितता किए जाने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से भी की गई, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव की गलियों और रास्तों की जांच कराकर जल्द निर्माण एवं जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।











