हरदोई घर में चोरी की वारदात के बाद न्याय के लिए भटक रहा बिजली विभाग का संविदा कर्मी एसपी से लगाई न्याय की गुहार

हरदोई/बघौली में 12 नवंबर की रात दो घरों में हुई थी चोरी की घटना, पीड़ित का आरोप—थाने के कई चक्कर लगाने के बावजूद नहीं हुई प्रभावी कार्रवाई हरदोई। थाना बघौली क्षेत्र के भीठा गांव में चोरी की घटना का खुलासा न होने से परेशान बिजली विभाग के संविदाकर्मी ने अब पुलिस अधीक्षक का दरवाजा खटखटाया है। पीड़ित ओमकार यादव पुत्र कामता ने एसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर अपने घर में हुई चोरी की घटना की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है। पीड़ित के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 की रात उसके घर के साथ ही उसकी चाची के घर में भी चोरी की घटना हुई थी। उसके घर से कान की टॉप्स, झाला, बिछिया, पायल सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। घटना के बाद उसने थाना बघौली में शिकायत पत्र दिया, लेकिन अभी तक चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं लग सका है। ओमकार का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले उसकी चाची और उनके बेटे-बहू के बीच भैंस को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद चाची अपनी बहन के घर चली गई थीं। चोरी की रात चाची के घर उनके बेटे और बहू मौजूद थे। चाची के घर हुई घटना को लेकर परिवार के लोगों के बीच अलग-अलग आरोप-प्रत्यारोप सामने आए। पीड़ित का कहना है कि उसके घर हुई चोरी की घटना को भी इसी पारिवारिक विवाद से जोड़ दिया गया, जबकि उसकी शिकायत अलग है। पीड़ित ने शिकायती पत्र में बताया कि घटना की रात करीब तीन बजे हरिओम और उनकी पत्नी विमला ने चोरी होने की आवाज लगाई थी तथा 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी। ऐसे में घटना के समय मौजूद लोगों और आसपास के व्यक्तियों से पूछताछ कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सकता है। ओमकार का कहना है कि वह अब तक करीब पांच से छह बार थाना बघौली के चक्कर लगा चुका है, लेकिन हर बार उसे कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देकर वापस कर दिया जाता है। आरोप है कि शिकायत लिखते समय उसे उसकी फोटो तक नहीं लेने दी गई, जिसके चलते उसके पास शिकायत की प्रति भी उपलब्ध नहीं है। पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि उसके घर हुई चोरी की घटना को चाची के घर की घटना से अलग रखते हुए स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही चोरी गए आभूषणों की बरामदगी, संबंधित लोगों से निष्पक्ष पूछताछ और यदि मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है तो नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।अब देखना यह है कि पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित को न्याय मिल पाता है या फिर उसे अपनी ही शिकायत पर कार्रवाई के लिए थाने के चक्कर लगाने पड़ेंगे।

हरदोई में कार विवाद पर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों पर FIR दर्ज

रायबरेली में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 305 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज से परिणय सूत्र में बंधे







