टोंकखुर्द में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कलेक्टर की सख्ती!

किताबें नहीं बांटने पर जांच के आदेश, खाद उठाव में लापरवाही पर जवाब-तलब; खेत में पहुंचकर कलेक्टर ने देखी सोयाबीन फसल
देवास, 11 सितंबर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने शुक्रवार को टोंकखुर्द विकासखंड के विभिन्न गांवों का औचक दौरा किया। स्कूल, छात्रावास, आश्रम, सहकारी संस्था और राशन दुकान के निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
देवली स्कूल में खुली लापरवाही की तस्वीर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवली में कलेक्टर ने शिक्षकों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम और विद्यार्थियों की पढ़ाई की स्थिति जानी। छात्राओं ने गणित विषय में परेशानी बताई। कलेक्टर ने अतिथि शिक्षक से जवाब लिया और स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्कूल में गंदगी और पानी की समस्या पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
पिछली कक्षा की किताबें तक नहीं बांटी गईं किताबों की उपलब्धता की जांच में सामने आया कि पिछले वर्ष की कक्षा की किताबें विद्यार्थियों को वितरित ही नहीं की गई थीं। कलेक्टर ने इसे गंभीर मामला मानते हुए एसडीएम को जांच के निर्देश दिए।
खेत में पहुंचे कलेक्टर, सोयाबीन फसल का लिया जायजा किसानों ने पानी की कमी और सोयाबीन में पीले मोजेक रोग के प्रकोप की शिकायत की। इसके बाद कलेक्टर स्वयं खेतों में पहुंचे और फसल की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों को फसल संबंधी उचित मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
खाद उठाव में लापरवाही, सोसायटी से जवाब-तलब चौबराधीरा की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था में कलेक्टर ने ई-टोकन, खाद स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। खाद का समय पर उठाव नहीं होने पर उन्होंने संबंधितों से जवाब-तलब किया। सोसायटी परिसर में निजी निर्माण के मामले में भी एसडीएम को जांच के निर्देश दिए।
छात्रावास की खराब हालत पर जांच के आदेश शासकीय सीनियर बालक छात्रावास के निरीक्षण में भवन की स्थिति खराब मिली। कलेक्टर ने भवन निर्माण से संबंधित जानकारी लेते हुए जांच के निर्देश दिए। बालक आश्रम में उन्होंने बच्चों से संवाद कर भोजन, आवास और पढ़ाई की जानकारी ली। आश्रम तक पहुंचने के रास्ते की समस्या के समाधान के लिए पटवारी को भू-स्वामियों से चर्चा करने के निर्देश दिए।
राशन दुकान में स्टॉक का मिलान राशन दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पीओएस मशीन के ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध खाद्यान्न का मिलान कराया। गेहूं, चावल सहित अन्य राशन सामग्री के स्टॉक और वितरण की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पौधारोपण भी किया।

बैतूल में मां चंडी देवी मंदिर की सुरक्षा को लेकर उठी आवाज, JAYS ने SP को सौंपा ज्ञापन

दतिया चांदनी स्कूल में श्री मती प्रतिभा देवी के बेटे चौधरी शिक्षक आरव चौधरी का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया गया









