किसानों की उपज खरीद में मनमानी नहीं चलेगी, डीएम ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश

एटा। आगामी धान, मक्का एवं बाजरा खरीद को लेकर जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने खरीद व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य एवं मानकों के अनुरूप किसानों से पारदर्शी तरीके से उपज खरीदने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। किसानों को उनकी उपज का निर्धारित मूल्य समय से उपलब्ध कराया जाए और क्रय केंद्रों पर उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र और पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने और खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने को कहा। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक, एडीएम प्रशासन संगम लाल, क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी सुभाष चंद्र, जिला खाद्य विपणन निरीक्षक, जिला प्रबंधक पीसीएफ, पीसीयू एडीसीओ कोऑपरेटिव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











