प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वृद्धाश्रम पहुंचे उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह
वृद्धजनों को अंगवस्त्र व फल वितरित कर लिया आशीर्वाद

रायबरेली में 17 सितम्बर 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात उ०प्र० दिनेश प्रताप सिंह ने आज वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवास कर रहे वृद्धजनों से भेंट की। उन्होंने वृद्धजनों को अंगवस्त्र एवं फल आदि वितरित कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस पर उन वरिष्ठ नागरिकों के बीच उपस्थित होने का अवसर मिला, जिनका आशीर्वाद हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे माता-पिता एवं अभिभावक के समान हैं तथा उनका सम्मान, सेवा और देखभाल करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता के सम्मान एवं सेवा को सदैव सर्वाेच्च स्थान दिया गया है। माता-पिता अपने बच्चों के जन्म से लेकर उनके भविष्य को संवारने तक जीवनभर कठिन परिश्रम और त्याग करते हैं। वे अपनी तपस्या का फल स्वयं के लिए नहीं, बल्कि अपने बच्चों की सफलता और सुख के लिए चाहते हैं। ऐसे में प्रत्येक संतान का दायित्व है कि वह अपने माता-पिता की सेवा करे और उन्हें सम्मान एवं स्नेह प्रदान करे। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि दुर्भाग्यवश कुछ परिस्थितियों में वृद्ध माता-पिता को वृद्धाश्रम में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि ऐसे सभी बच्चों को सद्बुद्धि मिले, जिससे वे अपने माता-पिता को अपने साथ रखें, उनकी सेवा करें और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर जीवन में सफलता एवं सुख प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि मा० प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्व की भावना को निरंतर मजबूती मिल रही है। उन्होंने वृद्धाश्रम में उपस्थित सभी वृद्धजनों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि वे दीर्घायु एवं स्वस्थ रहें तथा इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ देश की सेवा एवं कल्याण के लिए कार्य करते रहें। इस दौरान वृद्धाश्रम में उपस्थित वृद्धजनों ने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को अपना आशीर्वाद प्रदान किया तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।











