राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व श्री प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मनाया गया कार्यक्रम

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज जिला कारागार रायबरेली में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारागार के मुख्य द्वार पर ध्वजा रोहण एवं राष्ट्रगान के साथ साथ महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कारागार कर्मियों द्वारा दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं मानवता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर जेल अधीक्षक प्रभात सिंह द्वारा प्रकाश डाला गया। बंदियों को भी महापुरुषों के जीवन-मूल्यों से प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कारागार परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया तथा स्वच्छता एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। बंदियों द्वारा सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कारागार प्रशासन द्वारा कहा गया कि महापुरुषों की जयंती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का भी अवसर है। उक्त अवसर पर कारागार में निरुद्ध बंदियों के मध्य दोनो महापुरुषों से संबंधित प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया बंदियों द्वारा सही उत्तर देने पर उन्हें पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बंदियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन तथा राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान कारागार के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।










