एम्स भोपाल की अपील कार्बाइड गन और देशी विस्फोटक उपकरणों से दूर रहें, सुरक्षित मनाएं दीपावली

भोपाल। दीपावली की खुशियां किसी परिवार के लिए जीवनभर का दर्द न बन जाएं, इसी उद्देश्य से एम्स भोपाल ने जन-जागरूकता एडवाइजरी जारी की है। आमजन से अपील की गई है कि वे कार्बाइड गन और अन्य देशी विस्फोटक उपकरणों से दूर रहें, क्योंकि इनका उपयोग गंभीर एवं जानलेवा दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इन उपकरणों के विस्फोट से आंख, चेहरे, हाथ, कान तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लग सकती है। इससे व्यक्ति बुरी तरह जल सकता है और कई मामलों में स्थायी विकलांगता (जीवनभर रहने वाली शारीरिक अक्षमता) भी हो सकती है। सावधानी ही सुरक्षा है। बच्चों को ऐसे उपकरणों से दूर रखें और उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखें। आंख में चोट लगने पर तत्काल नेत्र विशेषज्ञ (आंखों के डॉक्टर) या अस्पताल में चिकित्सा सहायता लें। जलने की स्थिति में प्रभावित स्थान को साफ बहते पानी से लगभग 20 मिनट तक ठंडा करें। रक्तस्राव (खून बहना) होने पर साफ कपड़े या गॉज (घाव पर रखी जाने वाली जालीदार सूती पट्टी) से हल्का दबाव देकर रक्तस्राव रोकने का प्रयास करें। आवश्यकता होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें।बेहोशी, अत्यधिक रक्तस्राव, सांस लेने में परेशानी, आंख की गंभीर चोट या शरीर के बड़े हिस्से में जलने की स्थिति में बिना देर किए निकटतम आपातकालीन चिकित्सा केंद्र पहुंचें। कार्बाइड गन अथवा किसी भी प्रकार के देशी विस्फोटक उपकरण का उपयोग न करें।किसी भी विस्फोटक उपकरण को हाथ में लेकर, चेहरे के पास रखकर या बंद स्थान में न चलाएं। खराब या असफल उपकरण को दोबारा चलाने, खोलने अथवा उसके पास जाने का प्रयास न करें। आंख में चोट लगने पर आंख को रगड़ें नहीं। आंख में कोई घरेलू पदार्थ या बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई दवा न डालें। जले हुए स्थान पर बर्फ, टूथपेस्ट, तेल या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएं। एम्स भोपाल में चौबीसों घंटे, सातों दिन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं। एम्स भोपाल का संदेश है: सुरक्षित दीपावली, स्वस्थ दीपावली।

दो दिवसीय नशा मुक्ति चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर का समापन रोगियों को मिला उपचार

त्योहारों में मिलावट रोकने चलेगा विशेष निरीक्षण अभियान जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक








