एटा में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश वीरेंद्र ढेर, सिपाही घायल

एटा। जनपद में मंगलवार को थाना पिलुआ क्षेत्र के सुन्ना नहर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश वीरेंद्र पुत्र गुमान सिंह मारा गया, जबकि एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इस दौरान बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में मारा गया वीरेंद्र मूल रूप से मैनपुरी जिले के हरचंदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ 53 मुकदमे दर्ज थे। वह मैनपुरी सहित कई अन्य जनपदों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के मामलों में वांछित था। बताया गया है कि 22 अक्टूबर को अलीगंज में सर्राफा कारोबारी से हुई लूट की वारदात में भी वीरेंद्र की संलिप्तता सामने आई थी। आरोप है कि उसने उन्नाव से बाइक चोरी करने के बाद अगले दिन अलीगंज में सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को सुन्ना नहर के पास हुई मुठभेड़ में वीरेंद्र मारा गया। फरार साथी की तलाश में पुलिस कार्रवाई कर रही है। घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए भेजा गया है।









