देवास एसपी की कुर्सी संभालते ही राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में पहुंचे आदित्य मिश्रा

देवास। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर देवास एसपी का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद ही वे राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण देखा।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड-2026 का लाइव प्रसारण कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से देखा।
कार्यक्रम के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए किए गए योगदान को याद किया गया। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर नवागत एसपी आदित्य मिश्रा सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही राष्ट्र की एकता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
नवागत पुलिस अधीक्षक के पदभार ग्रहण करने के साथ ही आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में देवास पुलिस ने राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।









