त्योहारों पर बाजारों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, सर्राफा कारोबारियों को सीओ ने दी सख्त हिदायत

एटा। धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने व्यापारियों और सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक कर त्योहारों के दौरान सतर्कता बरतने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में व्यापारियों ने बाजार की समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। सीओ ने उनकी बातें सुनकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका रहती है। इससे बचाव के लिए व्यापारी अपनी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और रात्रि में निगरानी के लिए चौकीदार की व्यवस्था करें। सर्राफा कारोबारियों को विशेष रूप से सतर्क करते हुए उन्होंने कहा कि कोई अनजान व्यक्ति सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखने आए तो उसकी पहचान और पते की अच्छी तरह जांच करें। जरूरत पड़ने पर पुलिस से सत्यापन भी कराएं, जिससे किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके। सीओ ने गांधी चौराहे से मेन मार्केट तक दुकानदारों को निर्धारित सीमा में दुकानें लगाने के निर्देश दिए, ताकि बाजार में अतिक्रमण न हो और यातायात बाधित न हो। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ व्यापारियों की भी जिम्मेदारी है।अंत में उन्होंने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने तथा आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, जिला महामंत्री प्रदीप गुप्ता उर्फ टीपू, अध्यक्ष विनोद आर्य, मुन्ना बाबू, हिमांशु शाक्य, दिलशाद, विनोद जैन सहित कस्बे के तमाम व्यापारी मौजूद रहे।

रायबरेली पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस लाइन से यातायात जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

बहराइच में PET परीक्षा को लेकर DM और SP अलर्ट, महिला महाविद्यालय का किया निरीक्षण







