भदोही महाराजगंज की बेटी ने एमडीएस में टॉप कर लखनऊ में लहराया परचम, गोल्ड मेडल से सम्मानित

भदोही महाराजगंज की बेटी ने एमडीएस में टॉप कर लखनऊ में लहराया परचम, गोल्ड मेडल से सम्मानित
भदोही। महाराजगंज क्षेत्र की बेटी डॉ. प्रियांशी जायसवाल ने एमडीएस की परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
लखनऊ स्थित बीबीडी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह 2026 में डॉ. प्रियांशी जायसवाल को एमडीएस में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया और उपाधि प्रदान की गई। समारोह में मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंच पर गोल्ड मेडल और उपाधि प्राप्त करतीं डॉ. प्रियांशी की तस्वीर देखकर परिजन भावुक हो उठे। पिता राजेश के. जायसवाल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि बेटी की सफलता माता-पिता के लिए सबसे बड़े गौरव का क्षण है। यह पल उनके जीवन की अविस्मरणीय यादों में हमेशा सुरक्षित रहेगा।
मंगलवार को महाराजगंज स्थित राजेश जायसवाल के आवास पर इस उपलब्धि की खुशी में मिठाइयां बांटी गईं। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर डॉ. प्रियांशी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने डॉ. प्रियांशी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे परिवार और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।









