मतदाता सूची संशोधन कार्य में जुटीं आशा कार्यकर्ताओं की परेशानी, बैठने तक की व्यवस्था नहीं

नागदा। शहर में मतदाता सूचियों के संशोधन का कार्य शुरू हो चुका है। इसके तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन का कार्य किया जा रहा है। लेकिन इस महत्वपूर्ण कार्य में जुटे कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं को बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। मामला नागदा के वार्ड क्रमांक 7 और 8 के मतदान केंद्र क्रमांक 88, 89 और 90 का है। यहां मतदाता सूची संशोधन के कार्य में लगी आशा कार्यकर्ताओं और संबंधित कर्मचारियों को बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं मिली है। मजबूरी में उन्हें पूरे समय खड़े रहकर काम करना पड़ रहा है। वहीं परिसर में साफ-सफाई का भी अभाव है और जगह-जगह कचरा फैला हुआ है। इस अव्यवस्था का मामला उस समय सामने आया, जब पूर्व पार्षद जगदीश मिमरोट मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए संबंधित केंद्र पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि कर्मचारी और आशा कार्यकर्ता बिना बैठने की व्यवस्था के काम कर रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वे कई बार पार्षद सहित संबंधित जिम्मेदार लोगों और नगर पालिका अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। पूर्व पार्षद जगदीश मिमरोट ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एक ओर शासन-प्रशासन द्वारा मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को निभाने वाले कर्मचारियों के लिए बैठने तक की व्यवस्था नहीं की गई है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक अपने नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन करवाने पहुंच रहे हैं। ऐसे में आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था भी नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने एसडीएम महोदय एवं नगर पालिका सीएमओ से मांग की है कि मिर्ची बाजार, जन्मेजय मार्ग स्थित पानी की टंकी के पास बने मतदान केंद्रों पर तत्काल साफ-सफाई करवाई जाए तथा आशा कार्यकर्ताओं और संबंधित कर्मचारियों के लिए कुर्सी, टेबल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए। मिमरोट ने कहा कि मतदाता सूची का कार्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें लगे कर्मचारियों को सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रशासन को इस समस्या पर तत्काल ध्यान देकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि कर्मचारियों के साथ-साथ मतदाताओं को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

बदायूं : मिनी कुंभ ककोड़ा मेले में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत लगाया गया यातायात जागरूकता शिविर

श्रावस्ती : गिलौला ब्लॉक में सरकारी संपत्ति पर चोरों का धावा! ताला तोड़कर दीवार फांदकर घुसे, मतपेटियां ठेले पर लादते समय दो पकड़े गए, दो







